कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उत्कृष्ट किसानों को किया सम्मानित

बोले— अन्नदाता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

दून वैली टाइम्स | देहरादून

सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में गत गुरुवार को आयोजित दिल्ली प्रेस समूह के ‘फार्म एण्ड फूड कृषि सम्मान पुरस्कार-2026’ समारोह में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया।

अपने संबोधन में मंत्री जोशी ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार शपथ लेने के बाद सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया कि अन्नदाता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट, कीवी और सुगंधित पौधों की खेती पर विशेष प्रोत्साहन दे रही है। किसानों को इन फसलों के लिए सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। सरकार किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण, कृषि यंत्रों के लिए फार्म मशीनरी बैंक, पॉलीहाउस, मुफ्त सिंचाई सुविधा तथा आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उपलब्ध करा रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है।

समारोह में दिल्ली प्रेस समूह के मुख्य संपादक परेश नाथ, कार्यकारी प्रकाशक अनंत नाथ, श्रुति जोशी, विभागीय अधिकारी तथा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से आए प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

About The Author