क्लेमेनटाउन में महिला की गोली मारकर हत्या, पति पर हत्या का मुकदमा दर्ज

सुबह कंट्रोल रूम को पति ने फोन कर पत्नी को गोली मारने की दी सूचना, मौके पर मृत मिली 26 वर्षीय काजल; आरोपी पति की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित

देहरादून, 21 सितंबर 2026। थाना क्लेमेनटाउन क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया। घटना की सूचना स्वयं महिला के पति द्वारा कंट्रोल रूम को फोन कर दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान काजल (26 वर्ष), पत्नी धीरज पंवार, निवासी ईदगाह रोड, सुभाष नगर, सत्य साईं मंदिर के पास, क्लेमेनटाउन के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 6 बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलने के बाद थाना क्लेमेनटाउन पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ मिला।

इसके बाद पुलिस टीम ने कॉल किए जाने के स्थान की जानकारी जुटाई और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए एक प्लॉट में बने कमरे तक पहुंची। कमरे के अंदर महिला मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होना सामने आया।

पुलिस के अनुसार, मृतका अपने पति धीरज पंवार के साथ उक्त स्थान पर रह रही थी। उसके भाई अभिषेक भी पास में ही रहते थे। मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी बहन और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था।

घटना की सूचना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेनटाउन में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति धीरज पंवार की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author