ब्लैक स्पॉट, ओवरस्पीडिंग और सड़क इंजीनियरिंग की होगी तकनीकी जांच; बड़े साइन बोर्ड और रंबल स्ट्रिप ब्रेकर लगाने के निर्देश
देहरादून, 21 सितंबर 2026। मोहब्बेवाला क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी देहरादून और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सोमवार को संयुक्त रूप से राजमार्ग एवं दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाओं के संभावित कारणों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
यह निरीक्षण 20 सितंबर को मोहब्बेवाला क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना के बाद किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
तकनीकी जांच के निर्देश
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की विस्तृत एवं तकनीकी जांच की जाए। सड़क की स्थिति, सड़क इंजीनियरिंग, ब्लैक स्पॉट, ओवरस्पीडिंग तथा यातायात नियमों के उल्लंघन समेत सभी पहलुओं का विश्लेषण करने को कहा गया।
बड़े साइन बोर्ड और रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश
दुर्घटना संभावित क्षेत्र में वाहन चालकों को सावधान करने के लिए बड़े एवं स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके साथ ही वाहनों की गति नियंत्रित करने के उद्देश्य से रंबल स्ट्रिप/ब्रेकर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसका तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा है।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी, प्रशासन, NHAI, RTO तथा पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दून वैली टाइम्स की खास नजर
मोहब्बेवाला हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों के बीच प्रशासन और पुलिस के संयुक्त निरीक्षण से उम्मीद है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्र में सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी सुधार जल्द किए जाएंगे।
