रुद्रनाथ ट्रैक पर हादसा, 150 मीटर गहरी खाई से SDRF ने बरामद किया शव

सगर गांव के पास ट्रैक पर हादसा, रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को रोड हेड तक पहुंचाया

चमोली, 27 सितंबर 2026। रुद्रनाथ ट्रैक पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सगर गांव से करीब चार किलोमीटर आगे ट्रैक पर एक व्यक्ति पहाड़ी से नीचे गिर गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर 2026 की सुबह DCR चमोली के माध्यम से SDRF पोस्ट गौचर को सूचना मिली कि सगर गांव के पास रुद्रनाथ ट्रैक पर एक व्यक्ति पहाड़ी से नीचे गिर गया है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद SDRF जवानों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने करीब 150 मीटर गहरी खाई से उक्त व्यक्ति का शव बरामद कर लिया।

SDRF टीम ने शव को सुरक्षित तरीके से खाई से बाहर निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया, जहां आवश्यक कार्रवाई के लिए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 36 वर्षीय व्यक्ति, निवासी मद्रास के रूप में बताई गई है। हादसे के कारणों और घटना से संबंधित अन्य तथ्यों की जानकारी आवश्यक जांच के बाद सामने आएगी।

About The Author