परेड ग्राउंड से निकला प्रदर्शन मार्च, पुलिस से हुई नोकझोंक; सड़क व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
देहरादून। उत्तराखंड में बदहाल सड़कों की स्थिति को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने रविवार को देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशभर में सड़कों की खराब स्थिति और आम जनता को हो रही परेशानियों को मुद्दा बनाते हुए यूकेडी के नेता एवं कार्यकर्ता परेड ग्राउंड से लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज के आवास की ओर कूच करने निकले।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में यूकेडी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की सड़कों की स्थिति को लेकर नारेबाजी करते हुए सरकार से तत्काल सड़क मरम्मत और निर्माण कार्यों में तेजी लाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों के मंत्री आवास की ओर बढ़ने के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और यूकेडी कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर मौके पर डटे रहे।
बाद में यूकेडी पदाधिकारियों ने लोक निर्माण मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश की बदहाल सड़कों की स्थिति में तत्काल सुधार की मांग की। ज्ञापन में सड़क मरम्मत, क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण और आम जनता के लिए सुरक्षित एवं बेहतर सड़क व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
यूकेडी ने कहा कि सड़कें प्रदेश के विकास की आधारभूत आवश्यकता हैं और खराब सड़कों के कारण आम लोगों, वाहन चालकों तथा स्थानीय कारोबारियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दल ने सरकार से सड़क व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने की मांग की।
अब देखना होगा कि प्रदर्शन और ज्ञापन के बाद प्रदेश की बदहाल सड़कों को लेकर सरकार और लोक निर्माण विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
