तेज बारिश और पहाड़ी से गिरते बोल्डर भी नहीं रोक पाए सांसद अनिल बलूनी का रास्ता

“कार्यकर्ता मेरा इंतजार कर रहे हैं, उन्हें निराश नहीं करूंगा” — बाधित मार्ग को पैदल पार कर रिखणीखाल पहुंचे सांसद

पौड़ी गढ़वाल । भारी बारिश, भूस्खलन और पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे एवं बोल्डरों के बीच गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी रविवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत रिखणीखाल पहुंचे। सिमड़ी के पास पहाड़ी से लगातार मलबा और बड़े पत्थर गिरने के कारण मोटर मार्ग बाधित हो गया था। मार्ग खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की दो जेसीबी मशीनें मौके पर जुटी रहीं, लेकिन लगातार मलबा गिरने के कारण सड़क खोलने में मुश्किलें आती रहीं।

जानकारी के अनुसार सांसद अनिल बलूनी भारत-चीन युद्ध के नायक एवं शहीद बाबा जसवंत सिंह रावत के पैतृक गांव बाड़ियूं, बीरोंखाल से रिखणीखाल के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान सिमड़ी के पास तेज बारिश के चलते पहाड़ी से भूस्खलन हुआ और सड़क पर मलबा व बोल्डर आ गए। सड़क के एक ओर सांसद का काफिला रुका रहा, जबकि दूसरी ओर पुलिस-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें जेसीबी के माध्यम से मार्ग खोलने में जुटी रहीं।

वैकल्पिक मार्ग से पहुंचने में लगता अतिरिक्त समय

लगातार बारिश और मलबा गिरने के कारण मार्ग की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी। बताया गया कि रिखणीखाल में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कई घंटों से सांसद के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। वहीं, धुमाकोट होकर वैकल्पिक मार्ग से रिखणीखाल पहुंचने में करीब दो घंटे अतिरिक्त समय लग रहा था।

सुरक्षा की दृष्टि से सांसद के साथ मौजूद लोगों ने उन्हें वापस लौटने अथवा वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी। इस दौरान सांसद बलूनी ने कहा कि “कार्यकर्ता मेरा इंतजार कर रहे हैं, मैं उन्हें निराश नहीं करूंगा।”

बाधित सड़क को पैदल किया पार

इसके बाद सांसद बलूनी ने बाधित मार्ग के हिस्से को पैदल पार करने का निर्णय लिया। भारी बारिश और पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे एवं पत्थरों के बीच उन्होंने सड़क के बाधित हिस्से को पैदल पार किया। इसके बाद पुलिस वाहन से आगे का सफर करते हुए वे करीब चार बजे रिखणीखाल पहुंचे।

रिखणीखाल पहुंचने पर लंबे समय से उनका इंतजार कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात की। सांसद ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया और निर्धारित कार्यक्रम को जारी रखा।

कार्यकर्ताओं से जुड़ाव की चर्चा

सांसद के इस कदम की चर्चा मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच भी रही। कार्यकर्ताओं का कहना था कि कठिन मौसम और बाधित मार्ग के बावजूद सांसद का उनसे मिलने पहुंचना उनके संगठनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।

हालांकि, लगातार बारिश और भूस्खलन के बीच बाधित सड़क को पार करना जोखिमपूर्ण स्थिति थी। पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी और मार्ग पर चल रहे राहत कार्य के बीच सांसद ने रास्ता पार किया और रिखणीखाल पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

भारी बारिश के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़कें और रास्ते प्रभावित रहे। इसके बावजूद रिखणीखाल में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से मुलाकात का सांसद का कार्यक्रम जारी रहा।

About The Author