अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र की मौजूदगी में चला अभियान, सभी का स्वास्थ्य सामान्य
उत्तरकाशी। कालिंदी पास क्षेत्र में फंसे ट्रेकर्स एवं पोर्टर्स को सुरक्षित निकालने के लिए चलाया गया रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। अभियान के दौरान कुल 19 ट्रेकर्स/पोर्टर्स को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया गया।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) उत्तरकाशी के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को 11 ट्रेकर्स/पोर्टर्स को कालिंदी पास क्षेत्र से हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित हर्षिल लाया गया। वहीं, 29 सितंबर 2026 को 8 अन्य ट्रेकर्स/पोर्टर्स को सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया गया।
हर्षिल हेलीपैड पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र की उपस्थिति में रेस्क्यू अभियान में लगे सभी संबंधित कार्मिकों एवं हेलीकॉप्टर पायलट के साथ आवश्यक समन्वय और विस्तृत प्लानिंग की गई। इसके बाद निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार रेस्क्यू अभियान को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संचालित किया गया।
सभी टीमों ने आपसी समन्वय के साथ अभियान को अंजाम दिया। सुरक्षित हर्षिल पहुंचाए गए सभी 19 ट्रेकर्स/पोर्टर्स का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसमें सभी का स्वास्थ्य सामान्य पाया गया।
DDMA उत्तरकाशी के अनुसार, कालिंदी पास क्षेत्र में चलाया गया रेस्क्यू अभियान अब पूर्ण कर लिया गया है।
