लूडो बना मौत का खौफनाक खेल, हार के विवाद में दोस्त ने कैंची से हमला कर चालक की हत्या

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में लूडो खेलने के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि खेल में हार से गुस्साए एक चालक ने अपने साथी पर कैंची से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम अलीगंज स्थित पुरनिया पुल के नीचे सीतापुर के गैरोली निवासी राहुल अवस्थी और नौबस्ता निवासी प्रदीप, जो दोनों डाला चालक बताए जा रहे हैं, तख्त पर बैठकर लूडो खेल रहे थे। इसी दौरान खेल को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रदीप ने पास की एक दुकान से कैंची उठाई और राहुल पर कई वार कर दिए। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी अलीगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल राहुल को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें केजीएमयू लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया।

आरोपी पुलिस हिरासत में

पुलिस ने आरोपी प्रदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर ध्रुव कुमार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात स्वीकार करने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दोस्ती के बीच खूनी विवाद

पुलिस के अनुसार राहुल और प्रदीप अक्सर साथ रहते थे और दोनों के बीच दोस्ती भी थी। हालांकि, लूडो खेलने के दौरान शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया और राहुल की जान चली गई।

राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

About The Author