मतदाता सूची से वंचित पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान

8 से 10 अक्टूबर तक बूथ स्तर पर अभियान, 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर होगा सत्यापन

डीएम ने पारदर्शिता और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

देहरादून, 7 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह गए पात्र भारतीय नागरिकों को सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अभियान को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक तीन दिनों तक बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और पात्र नागरिकों को नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।

पात्र नागरिकों को न छूटने देने के निर्देश

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ टेबल-टॉप बैठक आयोजित करने तथा बीएलओ को अभियान की प्रक्रिया, उनके दायित्व और निर्धारित समय-सारणी की स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश दिए।

बूथ से घर-घर तक होगी मॉनिटरिंग

डीएम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ-साथ मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर घर-घर सत्यापन तक प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

प्राप्त आवेदनों एवं फॉर्म-6 की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रवार और बूथवार प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाने तथा प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान का कार्य पूरा करें और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

ये रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली, कांग्रेस से जसविंदर सिंह गोगी, सीपीआई(एम) से अनंत आकाश, आम आदमी पार्टी से कमल राणा तथा कांग्रेस के सुनील जायसवाल उपस्थित रहे। इसके अलावा सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

About The Author