ऑपरेशन प्रहार: प्रेमनगर में 20.50 लाख की स्मैक के साथ मुजफ्फरनगर के दो कथित तस्कर गिरफ्तार

शिक्षण संस्थानों के छात्रों को स्मैक सप्लाई करने की फिराक में थे आरोपी, तस्करी में इस्तेमाल बाइक सीज

दून वैली टाइम्स | देहरादून

एसएसपी देहरादून की रणनीति के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत प्रेमनगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 26.19 ग्राम अवैध स्मैक बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 50 हजार रुपये है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली प्रेमनगर पुलिस टीम ने 7 अगस्त की रात चेकिंग के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र से मोहम्मद नदीम (30) और फैसल (28) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान नदीम के कब्जे से 14.56 ग्राम और फैसल के कब्जे से 11.63 ग्राम स्मैक बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया।

छात्रों को निशाना बनाने की थी कथित योजना

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मुजफ्फरनगर से स्मैक लेकर प्रेमनगर पहुंचे थे। उनका कथित उद्देश्य क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों तथा पीजी, हॉस्टल और फ्लैटों में रहने वाले युवाओं को स्मैक की सप्लाई करना था।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पूर्व में भी छात्रों को स्मैक सप्लाई करने और इससे अच्छा मुनाफा होने की बात पूछताछ में बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आते थे और प्रेमनगर क्षेत्र में उनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।

मोबाइल साथ नहीं रखते थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी पुलिस की निगरानी से बचने के लिए पहले मोबाइल फोन साथ नहीं रखते थे। इस बार भी दोनों देर रात प्रेमनगर क्षेत्र में रुककर कथित तौर पर छात्रों को स्मैक सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के कथित नशा तस्करी नेटवर्क और मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत के संबंध में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. मोहम्मद नदीम पुत्र अकमल, निवासी दक्षिणी खालापार, नियर फातिमा मस्जिद, मुजफ्फरनगर, उम्र 30 वर्ष।
  2. फैसल पुत्र सामिया, निवासी योगेंद्रपुरी कॉलोनी, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 28 वर्ष।

बरामदगी

  • 14.56 ग्राम अवैध स्मैक — नदीम के कब्जे से
  • 11.63 ग्राम अवैध स्मैक — फैसल के कब्जे से
  • कुल 26.19 ग्राम स्मैक, अनुमानित कीमत करीब ₹20.50 लाख
  • तस्करी में प्रयुक्त एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल

पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जैनेंद्र सिंह राणा, चौकी प्रभारी बिधौली, अपर उपनिरीक्षक रामलाल, कांस्टेबल श्रीकांत मलिक और कांस्टेबल वीरेंद्र भंडारी शामिल रहे।

About The Author