दून वैली टाइम्स | देहरादून
देहरादून-मसूरी क्षेत्र के सुनियोजित, संतुलित और आधुनिक विकास को गति देने के उद्देश्य से मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े करीब 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में लैण्ड पूलिंग, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल एवं रेस्टोरेंट निर्माण सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रस्तावों की तकनीकी एवं नियामकीय समीक्षा के बाद उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
विकासनगर में लैण्ड पूलिंग योजना को मिली अहम मंजूरी
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर (परगना पछवादून) में प्रस्तावित एमडीडीए की लैण्ड पूलिंग योजना से जुड़ा रहा। बोर्ड ने प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट (लेआउट) का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव को नियमानुसार आगे बढ़ाने की अनुमति प्रदान की। माना जा रहा है कि इस निर्णय से भविष्य में क्षेत्र के नियोजित शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।

समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर
बैठक में 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या का भी अनुमोदन किया गया। साथ ही पहले से स्वीकृत सभी विकास कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और नियमसम्मत तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और तय समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
एमडीडीए बोर्ड ने पर्यटन एवं निजी निवेश को प्रोत्साहित करने वाली विभिन्न परियोजनाओं की भी समीक्षा की। होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक भवनों और अन्य अवसंरचनात्मक परियोजनाओं को नियमानुसार आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जिससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने और आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
बैठक में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
