दून वैली टाइम्स | देहरादून
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सरकारी राजस्व वसूली में शिथिलता पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि लक्ष्य प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य से पीछे चल रहे विभागों को तत्काल प्रभाव से कार्ययोजना तैयार कर राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी कि लक्ष्य हासिल नहीं करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और अब प्रत्येक माह विभागवार प्रगति की समीक्षा होगी।

शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय राजस्व संवर्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने सभी विभागों के राजस्व प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वित एवं परिणामोन्मुखी कार्य करना होगा।

इन विभागों का प्रदर्शन रहा अपेक्षाकृत कमजोर
समीक्षा के दौरान जल संस्थान, परिवहन, सिंचाई, वन विभाग तथा निबंधन (रजिस्ट्री) विभाग में निर्धारित लक्ष्यों की तुलना में अपेक्षाकृत कम प्रगति सामने आई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे कम वसूली के कारणों का गहन विश्लेषण कर प्रभावी रणनीति बनाएं और लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें।
प्रमुख विभागों का राजस्व प्रदर्शन
- सिंचाई विभाग ने 100 लाख रुपये के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले जून तक 20.04 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति की।
- उप निबंधक कार्यालयों को आवंटित 1450 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष जून तक 380 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जिसमें 129 करोड़ रुपये स्टाम्प एवं निबंधन शुल्क से मिले।
- खनन विभाग ने जून माह के 8 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 8.06 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर लक्ष्य से अधिक वसूली की। वहीं अवैध खनन के 4 और अवैध परिवहन के 5 मामलों में 13.60 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जिसमें से 12.67 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है।
- आबकारी विभाग ने 667.60 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले जून तक 128 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।
- राज्य कर विभाग ने 4563.74 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 1142.36 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया।
- परिवहन विभाग ने बताया कि इस वर्ष विभाग के लिए कोई वार्षिक लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है, लेकिन जून 2026 तक 5906.50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 1.67 प्रतिशत अधिक है।
- नगर निगम देहरादून ने 75 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 24.37 करोड़ रुपये तथा नगर निगम ऋषिकेश ने 1247.20 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 170.56 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया।
- वन विभाग ने 63.63 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 17.22 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।
- बैठक में अन्य विभागों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों की राजस्व प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि सभी विभाग राजस्व संग्रहण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। जहां भी कमियां हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वसूली प्रक्रिया में तेजी लाते हुए प्रत्येक माह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि समय पर समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, खनन विभाग, नगर निगम, परिवहन, यूटीसी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
