दून वैली टाइम्स | देहरादून
उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी तीन सप्ताह तक सभी जिलाधिकारी विशेष रूप से नोटिसों की सुनवाई और मतदाताओं की शिकायतों के निस्तारण पर पूरा ध्यान केंद्रित करें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस दौरान जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी केवल आवश्यक प्रशासनिक बैठकों एवं राजनीतिक दलों के साथ संवाद के लिए ही कार्यालयों में बैठें। इसके अतिरिक्त वे फील्ड में जाकर पुनरीक्षण कार्यों की निगरानी करें और मतदाताओं से सीधे संवाद स्थापित करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी कारणवश कोई मतदाता निर्धारित तिथि पर नोटिस की सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हो पाता है, तो उसे पर्याप्त समय देते हुए दोबारा सुनवाई का अवसर दिया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं मतदाता हितैषी रहे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी जिलों में सप्ताह में कम से कम दो बार राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की जाए। इन बैठकों में केवल मान्यता प्राप्त दल ही नहीं, बल्कि अन्य राजनीतिक दलों के सुझाव भी लिए जाएं ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सहभागी बन सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपने कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को भी विभिन्न जनपदों का दौरा कर जमीनी स्तर पर पुनरीक्षण कार्यों का निरीक्षण करने तथा मतदाताओं से सीधे फीडबैक लेने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) को सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (AERO) और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से उन मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त ध्यान देने को कहा, जहां 100 से अधिक नोटिस जारी किए गए हैं।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का ने निर्देश दिए कि बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ का क्लस्टर स्तर पर नियमित प्रशिक्षण जारी रखा जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा हो सके।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।
