चकराता, 18 अगस्त। चकराता क्षेत्र में मंगलवार को एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे खाई में जा पलटा। हादसे में वाहन सवार नौ लोग घायल हो गए। घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना में किसी की मृत्यु नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार सप्लाई तिराहे के पास बाल्मिकी बस्ती में बोलेरो कैंपर संख्या UK15TA-0371 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। सूचना मिलते ही कोतवाली चकराता पुलिस, एसडीआरएफ टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन सवार घायलों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चकराता पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस के अनुसार वाहन को ग्राम कुनावा निवासी अमित चौहान (28) पुत्र रूप चंद चला रहे थे। बोलेरो कैंपर ग्राम कुनावा से विकासनगर की ओर जा रहा था। सप्लाई तिराहे के पास वाहन अनियंत्रित होने के बाद सड़क से नीचे जा गिरा।
हादसे में शेर सिंह (78), अमित चौहान (28), राम सिंह (40), अनिल तोमर (35), कलमू (65), संगतराम (13), शीला (32), शिवाश (3) और संतोष (9) घायल हुए हैं। सभी घायल चकराता तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
चकराता में 30 मीटर नीचे खाई में पलटा बोलेरो कैंपर, नौ घायल
