रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा के दौरान मंगलवार को चीरबासा के पास दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर टूटकर पैदल मार्ग पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक महिला तीर्थयात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक बड़ा पत्थर नीचे आ गिरा। यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और दो यात्री इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने घायल यात्री को रेस्क्यू कर गौरीकुंड चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, मृत महिला तीर्थयात्री के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में चट्टानों के कमजोर होने के कारण बोल्डर गिरने और भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। केदारनाथ पैदल मार्ग के संवेदनशील हिस्सों में भी मौसम खराब होने पर यात्रियों के लिए जोखिम बढ़ जाता है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। यात्रियों को पहाड़ी ढलानों और संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक रूप से रुकने से बचने तथा प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
