बरसात में प्रतिबंध के बावजूद शेरपुर आसन नदी में दिनदहाड़े जेसीबी से खनन, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

दून वैली टाइम्स | देहरादून।

देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर स्थित आसन नदी में बरसात के मौसम में खनन पर प्रतिबंध होने के बावजूद गत मंगलवार को दिनदहाड़े जेसीबी मशीन से खनन किए जाने का मामला सामने आया है। लगातार हो रही बारिश के बीच नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, इसके बावजूद भारी मशीनों से नदी में खनन किए जाने की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मानसून के दौरान सुरक्षा और पर्यावरणीय कारणों से नदी क्षेत्रों में खनन पर रोक के बावजूद खुलेआम जेसीबी मशीनों से नदी का सीना चीरकर खनिज निकाला जा रहा है। लोगों का कहना है कि यह कार्य दिनदहाड़े होने के बावजूद संबंधित विभागों और प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

क्षेत्रवासियों के अनुसार पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण आसन नदी का जलस्तर सामान्य से अधिक बना हुआ है। ऐसे समय में नदी के भीतर भारी मशीनों का संचालन किसी बड़े हादसे को भी आमंत्रण दे सकता है। अचानक जलस्तर बढ़ने की स्थिति में मशीन चालकों और श्रमिकों की जान जोखिम में पड़ सकती है। साथ ही नदी के प्राकृतिक प्रवाह और पर्यावरण पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि मानसून के दौरान खनन पर प्रतिबंध लागू है तो फिर नदी में जेसीबी मशीनें कैसे पहुंचीं और किसकी अनुमति से खनन किया जा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो अवैध खनन का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, खनन विभाग और संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

(नोट: यह समाचार स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। संबंधित विभाग या प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

About The Author