दून वैली टाइम्स | देहरादून
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (ईओसी) द्वारा गुरुवार शाम 5 बजे जारी दैनिक आपदा एवं मौसम बुलेटिन के अनुसार जनपद देहरादून में अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। औसतन 26.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि प्रशासन ने लगातार बारिश के मद्देनज़र संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ा दी है।
रिपोर्ट के अनुसार चकराता, कालसी और त्यूणी तहसील क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। वहीं जौलीग्रांट (32 मिमी), कोटी (29.5 मिमी), मोहकमपुर (25 मिमी), मालदेवता (22.5 मिमी) और ऋषिकेश क्षेत्र में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
नदियों का जलस्तर फिलहाल सामान्य
जिला प्रशासन के अनुसार गंगा, यमुना और टोंस नदियों का जलस्तर फिलहाल चेतावनी स्तर से नीचे है। यमुना और टोंस नदी का जलस्तर सामान्य श्रेणी में बना हुआ है, जिससे फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। हालांकि प्रशासन लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहा है।
10 ग्रामीण सड़कें अभी भी बंद
बारिश और भूस्खलन के कारण जनपद की 10 ग्रामीण सड़कें अभी भी यातायात के लिए बंद हैं। इनमें कालसी, चकराता, मालदेवता और विकासनगर क्षेत्र के कई संपर्क मार्ग शामिल हैं। संबंधित विभाग जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मार्ग खोलने के कार्य में जुटे हैं।
जिले में कुल 346 ग्रामीण मार्गों में से 10 मार्ग बंद हैं, जबकि सभी राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग, मुख्य जिला मार्ग और अन्य जिला मार्ग सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।
505 मार्ग खोले जा चुके
15 जून से अब तक वर्षा और भूस्खलन के कारण बंद हुए 515 मार्गों में से 505 मार्गों को दोबारा खोल दिया गया है, जबकि शेष 10 मार्गों को जल्द बहाल करने का कार्य जारी है।
बिजली और पेयजल व्यवस्था सामान्य
प्रशासन के अनुसार जिले में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। पेयजल से संबंधित प्राप्त 22 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं जलभराव की 45 शिकायतों में से अधिकांश का समाधान कर दिया गया है और शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है।
23 जर्जर भवन चिह्नित
नगर निगम देहरादून ने अब तक 23 जर्जर एवं खतरनाक भवनों को चिन्हित किया है। इन भवनों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
तीन अतिसंवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर
प्रशासन ने सुसवा बस्ती, संजयनगर बस्ती और मलिन बस्ती को अतिसंवेदनशील क्षेत्र घोषित करते हुए यहां स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
मानव क्षति का आंकड़ा
15 जून से अब तक जिले में अतिवृष्टि से संबंधित घटनाओं में एक व्यक्ति की मृत्यु, एक व्यक्ति लापता तथा दो लोग घायल हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।
प्रशासन ने जारी की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं तथा मौसम और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष अथवा स्थानीय प्रशासन से तुरंत संपर्क करें।
