मालदेवता में राहत और पुनर्निर्माण कार्यों ने पकड़ी रफ्तार

सड़कें सुरक्षित, कलिंगा नहर बहाल होने से किसानों को मिली राहत

दून वैली टाइम्स | देहरादून

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की लगातार मॉनिटरिंग और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में रायपुर विधानसभा क्षेत्र के मालदेवता, सौड़ा सरौली तथा आसपास के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्निर्माण एवं सुरक्षा कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। जिला प्रशासन ने क्षतिग्रस्त सड़कों, सुरक्षा दीवारों और नदी तटों के संरक्षण कार्यों में तेजी लाकर प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने का दावा किया है।

हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण मालदेवता और आसपास के क्षेत्रों में कई सड़कें, सुरक्षा दीवारें तथा सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। स्थिति का स्वयं निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल पुनर्स्थापन कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते अधिकांश जरूरी कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरे कर लिए गए हैं।

सौड़ा सरौली में सुरक्षा दीवारें अंतिम चरण में

जिला प्रशासन के अनुसार सौड़ा सरौली क्षेत्र में सुरक्षा दीवारों का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए सुरक्षा जाल (नेट) और अन्य सुरक्षात्मक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि लगातार हो रही बारिश के दौरान भूस्खलन या अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके और स्थानीय लोगों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।

कलिंगा नहर बहाल, किसानों को बड़ी राहत

लगातार बारिश और सोंग नदी के बढ़े जलस्तर से मालदेवता स्थित कलिंगा नहर क्षतिग्रस्त हो गई थी। सिंचाई विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नहर का पुनर्निर्माण पूरा कर दिया है। नहर के दोबारा चालू होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने लगा है, जिससे खेती-किसानी का काम फिर से सामान्य होने लगा है।

नदी का चैनलाइजेशन भी जारी

प्रशासन द्वारा पोकलैंड और जेसीबी मशीनों की मदद से सोंग नदी का चैनलाइजेशन कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य नदी के बहाव को नियंत्रित करना और भविष्य में संभावित नुकसान को कम करना है। संबंधित विभागों को मानसून के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री स्वयं कर रहे मॉनिटरिंग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और पुनर्निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जिला प्रशासन भी विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर संचालित कर रहा है।

एडीएम ने दी कार्यों की प्रगति की जानकारी

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने बताया कि अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों और सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों एवं सुरक्षा दीवारों का निर्माण कराया गया है, जबकि मालदेवता क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) ने क्षतिग्रस्त स्थलों का पुनर्स्थापन पूरा कर लिया है। सिंचाई विभाग द्वारा कलिंगा नहर के पुनर्निर्माण से किसानों को भी बड़ी राहत मिली है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून अवधि के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

About The Author