सहसपुर विधानसभा के पोलिंग बूथों का डीएम ने किया निरीक्षण

एसआईआर अभियान में दावों-आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

दून वैली टाइम्स | देहरादून

देहरादून के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों (पोलिंग बूथों) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए लगाए गए विशेष शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की संख्या, उनके सत्यापन की प्रगति तथा अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षण करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कोई भी पात्र मतदाता न छूटे

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने तथा त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया पूरी गंभीरता और निष्पक्षता से संपन्न की जाए।

निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता का आधार है एसआईआर अभियान

डीएम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मतदाता सूची जितनी अधिक शुद्ध और अद्यतन होगी, निर्वाचन प्रक्रिया उतनी ही पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी। इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।

वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और महिलाओं को प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवश्यक प्रपत्र, अभिलेख और अन्य व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए उनकी सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाताओं को दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा।

दैनिक समीक्षा और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर अभियान के दौरान प्राप्त प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष सत्यापन किया जाए। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, निर्वाचन से जुड़े अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author