सफाई कर्मचारी यूनियन के धरने पर पहुंचे अशोक वर्मा, बोले- वार्ता से होगा समस्याओं का समाधान

Listen to this article

देहरादून: नगर निगम देहरादून में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूरी यूनियन का विभिन्न मांगों को लेकर जारी धरना-प्रदर्शन शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा। इस दौरान उत्तराखंड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा धरना स्थल पहुंचे और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

इससे पूर्व यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वेद, नगर निगम शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार उर्फ सोनू खैरवाल तथा शाखा सचिव धीरज भारती ने अशोक वर्मा से मुलाकात कर कर्मचारियों की विभिन्न मांगों से अवगत कराया। दोनों पक्षों के बीच हुई विस्तृत वार्ता में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनने की बात सामने आई।

इसके बाद अशोक वर्मा ने नगर निगम देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल से उनके कार्यालय में मुलाकात कर यूनियन की मांगों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने महापौर से कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान निकालने का आग्रह किया, ताकि लंबे समय से जारी आंदोलन का सकारात्मक निष्कर्ष निकल सके।

धरना स्थल पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अशोक वर्मा ने कहा कि उत्तराखंड सरकार कर्मचारियों की सरकार है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सभी कर्मचारियों को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समय-समय पर कर्मचारियों के हित में निर्णय लेती रही है और इस बार भी यूनियन की सभी वाजिब मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कर्मचारियों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या का स्थायी समाधान संवाद और वार्ता से ही संभव है, न कि केवल धरना-प्रदर्शन से। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार और नगर निगम प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रहे हैं।

बाद में अशोक वर्मा ने यूनियन पदाधिकारियों को महापौर सौरभ थपलियाल से प्रस्तावित वार्ता के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि बातचीत के माध्यम से जल्द ही कोई सकारात्मक और सर्वमान्य समाधान निकलने की उम्मीद है।

धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई और वार्ता के सकारात्मक परिणाम की उम्मीद व्यक्त की।

About The Author