उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न! पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के अवशेषों का दिख सकता है असर, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह।

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ने लगी है। इसी बीच शुक्रवार, 30 अक्टूबर को मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जनपदों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के अवशेषों का असर भी मौसम में बदलाव की एक वजह बताया जा रहा है।

पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जनपदों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है।

वहीं प्रदेश के अन्य जनपदों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

मौसम में आए बदलाव के चलते प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इससे पर्वतीय इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है। बीते दिनों केदारनाथ और गंगोत्री सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है।

राजधानी देहरादून में भी बदला रहेगा मौसम

राजधानी देहरादून में आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट महसूस की जा सकती है।

प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

  • आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न रहें।
  • पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें।
  • पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें।
  • नदी-नालों और बरसाती गदेरों के आसपास जाने से बचें।
  • ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लें।
  • किसान अपनी फसलों और कृषि उत्पादों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करें।

पर्यटकों और चारधाम यात्रियों के लिए भी जरूरी चेतावनी

मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में घूमने आने वाले पर्यटकों और चारधाम यात्रा से जुड़े श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खराब मौसम के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

फिलहाल प्रदेश में मौसम का बदला मिजाज पहाड़ों में ठंड बढ़ाने के साथ-साथ जनजीवन और यातायात को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेना जरूरी है।

About The Author