खेल महाकुंभ 2026 का आगाज 1 सितंबर से, न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक होंगे मुकाबले

तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध व्यवस्थाओं के निर्देश; पिछले वर्ष 318 पदकों के साथ देहरादून रहा था प्रदेश में प्रथम

देहरादून, 7 अगस्त। प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला ‘खेल महाकुंभ-2026 : मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ आगामी 1 सितंबर से शुरू होगा। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के सफल संचालन को लेकर सभी जनपदों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में खेल महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी डॉ. चौहान ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और संघर्षशीलता जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने अधिकारियों को खेल महाकुंभ का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पिछले वर्षों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया।

बैठक में बताया गया कि प्रतियोगिताएं चार चरणों में आयोजित होंगी। 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर, 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर तथा 1 अक्टूबर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे।

प्रतियोगिता के लिए ‘खेलोयूके’ पोर्टल एवं क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पंचायत भवन, शिक्षण संस्थानों, नगर निकायों, ब्लॉक, तहसील, जिला मुख्यालय एवं संबंधित विभागीय कार्यालयों में ऑफलाइन आवेदन भी जमा किए जा सकेंगे।

खेल महाकुंभ में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे, तीरंदाजी, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, बैडमिंटन एवं शतरंज सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि न्याय पंचायत, विधानसभा एवं संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, पदक एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। न्याय पंचायत स्तर पर क्रमशः 300, 200 एवं 150 रुपये, विधानसभा स्तर पर 500, 400 एवं 300 रुपये तथा संसदीय क्षेत्र स्तर पर 800, 600 एवं 400 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ में प्रतिभागियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2023-24 में 12,383, 2024-25 में 34,570 तथा 2025-26 में 53,550 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। पिछले वर्ष देहरादून जनपद ने 146 स्वर्ण, 92 रजत एवं 80 कांस्य पदक सहित कुल 318 पदक जीतकर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

बैठक में विधायक उमेश शर्मा (काऊ), ऋषिकेश नगर निगम के मेयर शंभू पासवान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

About The Author