स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

डीएम ने परेड ग्राउंड का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

दून वैली टाइम्स | देहरादून

आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की आन-बान और शान से जुड़ा राष्ट्रीय पर्व है। ऐसे में समारोह की प्रत्येक व्यवस्था उच्च मानकों के अनुरूप होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर अतिथियों, स्वतंत्रता सेनानियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों के लिए सुव्यवस्थित सीटिंग प्लान तैयार किया जाए। साथ ही पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और वैकल्पिक बिजली व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को परेड ग्राउंड और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा समारोह स्थल पर आवश्यक सुविधाओं का पूर्व निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने के भी निर्देश दिए गए।

यातायात और सुरक्षा पर विशेष फोकस

जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को समारोह के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण, आवश्यक रूट डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस विभाग को आवश्यक तैयारियां पूरी करने और समारोह स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समन्वय से पूरी हों तैयारियां

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण कर किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए, ताकि समारोह गरिमा और भव्यता के साथ संपन्न हो सके।

बैठक में रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविंद्र जुआंठा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, उप निदेशक सूचना बद्री चंद नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author