नीति घाटी में तमक नाला उफान पर, पुल क्षतिग्रस्त; मलारी से आगे आवाजाही बाधित

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले की नीति घाटी में भारी बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया। तेज जलप्रवाह के कारण तमक नाले पर बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते मलारी गांव से आगे आवागमन बाधित हो गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाले में आए भारी जलसैलाब से पुल को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद क्षेत्र में आवाजाही रोक दी गई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी व्यक्ति के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय कर दिया है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना की गई हैं। प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मौके पर पहुंचने के बाद नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा।

भारी बारिश के चलते नीति घाटी में नाले का जलस्तर बढ़ने से आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।

वहीं, कुछ प्रारंभिक सूचनाओं में बीआरओ के एक कर्मचारी के तेज बहाव की चपेट में आने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति स्पष्ट करेंगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *