नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड का सीएम ने किया निरीक्षण

भाऊवाला से लौटते समय अचानक पहुंचे मौके पर, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य की स्थिति देखी और अधिकारियों से निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा यातायात व्यवस्था की जानकारी ली।

एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना के बाद शासन-प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराया। संबंधित विभागों के अधिकारी और अभियंता मौके पर पहुंचे तथा युद्धस्तर पर काम शुरू किया गया। प्रशासन के अनुसार, एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण कार्य करीब 12 घंटे के भीतर पूरा कर लिया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने में मदद मिली।

गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने सड़क की मजबूती, तकनीकी मानकों और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और कार्य की तकनीकी प्रक्रिया की भी जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की सुविधा और सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

कम समय में काम पूरा करने पर टीम की सराहना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य को कम समय में पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं और कार्मिकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आकस्मिक परिस्थितियों में राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी बेहद जरूरी है, ताकि आम जनता को लंबे समय तक परेशानी का सामना न करना पड़े।

नंदा की चौकी क्षेत्र देहरादून के प्रमुख यातायात मार्गों में शामिल है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, छात्र-छात्राएं और वाहन आवागमन करते हैं। ऐसे में एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मौके की स्थिति और यातायात संचालन से संबंधित जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

About The Author