अवैध प्लॉटिंग के लिए रातों-रात काटे गए हरे आम के पेड़, तीन वाहन जब्त; पुलिस कार्रवाई के बाद भूमि कारोबारियों पर उठे सवाल

Listen to this article

दून वैली टाइम्स | विकासनगर

देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र स्थित ग्राम ढालीपुर में अवैध प्लॉटिंग की तैयारी के लिए रातों-रात 5 से 6 हरे-भरे आम के पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही विकासनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आम की लकड़ी से लदे दो बोलेरो पिकअप और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया। घटना के बाद क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और बाहरी भूमि कारोबारियों की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर हरबर्टपुर चौक पर बोलेरो पिकअप (UK07CA7658) को रोका गया। वाहन चला रहे आरिफ निवासी लक्ष्मीपुर, सहसपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां लगभग 5 से 6 ताजा कटे आम के पेड़, उनकी लकड़ियां तथा लकड़ी से लदे दो अन्य वाहन—बोलेरो (UK10CA0974) और ट्रैक्टर-ट्रॉली (UK16E-1068)—मौजूद मिले।

पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद 9 से 10 लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

वन संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने वन संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों वाहनों और लकड़ी को कब्जे में ले लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

अवैध प्लॉटिंग के आरोप, जांच जारी

सूत्रों का दावा है कि पांवटा रोड स्थित जसवंत सिंह नगर क्षेत्र में प्रस्तावित प्लॉटिंग के लिए आम के पेड़ों की कटाई कराई गई। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग की तैयारी किए जाने की भी चर्चा है।

सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे प्रकरण में मोहसिन, सरफराज और राकेश नामक व्यक्तियों की भूमिका की चर्चा है। साथ ही यह भी दावा किया जा रहा है कि हरियाणा निवासी रंजीत नाम का एक भूमि कारोबारी भी इस प्लॉटिंग से जुड़ा हो सकता है।

हालांकि, इन सभी दावों की अभी पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों में बढ़ी चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि पछुवादून क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बाहरी राज्यों के कुछ भूमि कारोबारी तेजी से जमीनों के सौदों और अवैध प्लॉटिंग में सक्रिय हैं। इस घटना के बाद ऐसे नेटवर्क की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग भी उठने लगी है।

पुलिस का बयान

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जिन लोगों की संलिप्तता के साक्ष्य सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

About The Author