रुड़की में अवैध तमंचों की खरीद-फरोख्त का खुलासा, दो युवक गिरफ्तार

315 बोर के दो तमंचे बरामद, तस्करी में इस्तेमाल अल्टो कार सीज; कथित खरीदार की तलाश में जुटी पुलिस

रुड़की। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और हरिद्वार पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त के मामले में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अल्टो कार को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।

एसटीएफ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संगठित अपराध, इनामी अपराधियों और अवैध हथियारों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ देहरादून की टीम को गोपनीय सूचना मिली, जिसके आधार पर रुड़की के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। इस दौरान अल्टो कार में सवार दो युवकों को अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक (21) पुत्र अमित कुमार, निवासी कृष्णा नगर, गली नंबर नौ, गंगनहर, हरिद्वार और हर्ष (22) पुत्र जगपाल सिंह, निवासी आजाद नगर, पनियाला रोड, थाना गंगनहर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पैसों के लालच में बेचने आए थे तमंचे

एसटीएफ के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पैसों के लालच में तमंचे बेचने के उद्देश्य से आने की बात बताई। उन्होंने पुलिस को बताया कि हथियार खरीदने वाला व्यक्ति मौके पर ही मिलने वाला था। हालांकि, आरोपियों ने कथित खरीदार की पहचान के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया।

पुलिस अब इस मामले में कथित खरीदार के संबंध में जानकारी जुटा रही है, ताकि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी और खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

संयुक्त टीम में ये रहे शामिल

एसटीएफ की टीम में निरीक्षक एनके भट्ट, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल अनूप भाटी, प्रमोद पंवार, महेंद्र नेगी और गौरव चौधरी तथा कांस्टेबल कादर शामिल रहे। वहीं, रुड़की पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह और कांस्टेबल सोबन सिंह व गुलबहार ने कार्रवाई में सहयोग किया।

About The Author