रुड़की |
हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में एक हिंदू युवक और मुस्लिम युवती के एक साथ लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों के मोबाइल फोन फिलहाल बंद बताए जा रहे हैं, जिनकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक और युवती के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध थे और दोनों की फोन व इंटरनेट के माध्यम से लगातार बातचीत होती थी। जब इस संबंध की जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने उसे युवक से संपर्क समाप्त करने के लिए कहा। इसके बाद बुधवार देर शाम दोनों अचानक लापता हो गए।
परिजनों ने युवती की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों का कहना है कि युवती का मोबाइल फोन भी बंद है और उसकी सहेलियों से भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि युवती हिंदू समुदाय के एक युवक के साथ गई है, जिसके बाद उन्होंने युवक का नाम बताते हुए सिविल लाइन कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों के मोबाइल नंबरों की ट्रेसिंग की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। चूंकि मामला दो समुदायों से जुड़ा है, इसलिए पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।




