गंगनहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 980 ग्राम हेरोइन बरामद
रुड़की (दून वैली टाइम्स)। जनपद हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे खड़ी एक कार से 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने पंजाब के तरणतारण निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि जनपदभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली गंगनहर पुलिस ने लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध कार को देखा। पुलिस टीम को देखकर कार में बैठा युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।



