95 वर्षीय नानी से दुष्कर्म का आरोप, विरोध करने पर गला दबाकर हत्या के प्रयास का भी आरोप; आरोपी नाती गिरफ्तार

Listen to this article

रुड़की (हरिद्वार) | Doon Valley Times

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नारसन चौकी अंतर्गत एक गांव में 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ उनके ही नाती पर दुष्कर्म करने और विरोध करने पर गला दबाकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पीड़िता का अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी शुभम मूल रूप से ज्वालापुर का रहने वाला है और पिछले करीब तीन वर्षों से अपनी नानी के गांव में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात वह शराब के नशे में अपनी नानी के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने घर के अन्य सदस्यों के सो जाने का फायदा उठाते हुए बुजुर्ग महिला के कमरे में प्रवेश किया और उनके साथ दुष्कर्म किया।

आरोप है कि जब पीड़िता ने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया, जिससे वह बेहोश हो गईं। कमरे से आवाजें सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नारसन चौकी और मंगलौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गंभीर हालत में बुजुर्ग महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता एवं परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

About The Author