खाताधारकों से बैंक में जमा कराने के नाम पर लिए थे रुपये, रकम जमा नहीं कराई
ऋषिकेश। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में काम करने वाले एक युवक पर खाताधारकों से लाखों रुपये लेकर बैंक में जमा न कराने और करीब 12.31 लाख रुपये के गबन का आरोप है। मामले में दून पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जांच के दौरान कुल 12,31,458 रुपये की धनराशि के गबन का मामला सामने आया।
पुलिस के मुताबिक, 24 मई 2026 को उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, लक्ष्मणझूला रोड, ऋषिकेश के सचिव/महाप्रबंधक एसएस राणा ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के तौर पर कार्यरत दीपक बढ़ई ने अलग-अलग तारीखों में खाताधारकों से बैंक में जमा कराने के लिए धनराशि प्राप्त की, लेकिन संबंधित रकम बैंक में जमा नहीं कराई।
मामले की जांच में बैंक की ओर से प्राप्त धनराशि का कुल आंकड़ा 12 लाख 31 हजार 458 रुपये सामने आया। तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 212/2026, धारा 316(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस टीम को त्वरित साक्ष्य संकलन करते हुए नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई (29 वर्ष) को 9 सितंबर 2026 को उदय बाग, विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई, निवासी गोपेश्वर मंदिर मार्ग, गली नंबर 11/7, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, देहरादून, उम्र 29 वर्ष।
पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक विनेश कुमार, कांस्टेबल अभिषेक एवं कांस्टेबल तेज सिंह।
