देहरादून, 10 सितंबर। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, भारत रत्न एवं पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर देहरादून कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने पं. पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत प्रखर चिंतक, दूरदर्शी और कुशल राजनेता थे। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर सामाजिक उत्थान और राष्ट्र निर्माण तक उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
डीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाना ही पं. गोविंद बल्लभ पंत के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
