भ्रष्टाचार उन्मूलन को लेकर यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी ने चलाया सतर्कता जागरूकता अभियान

ग्राम पंचायत रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने दिया भ्रष्टाचार मुक्त भारत का संदेश

देहरादून, 27 अक्टूबर 2026। यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून के सौजन्य से विकासनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत रुद्रपुर में भ्रष्टाचार उन्मूलन कार्यक्रम एवं सतर्कता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों और छात्रों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा ईमानदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक श्रीमती मीना समरा, क्षेत्रीय प्रबंधक श्री बी.एम. भारती, श्री रमेश शर्मा, श्री कुलदीप सिंह और वरिष्ठ शाखा प्रबंधक श्री अनिल शर्मा ने अपने विचार रखे। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने और अपने दैनिक जीवन में ईमानदारी को अपनाने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जागरूक और सजग रहना होगा। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को अपनाकर ही भ्रष्टाचार मुक्त भारत का निर्माण किया जा सकता है।

छात्रों ने निबंध प्रतियोगिता में लिया हिस्सा

अभियान के दौरान छात्रों के लिए निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार उन्मूलन, ईमानदारी और सतर्क नागरिक की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज में ईमानदारी का वातावरण बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी की ओर से ग्राम पंचायत रुद्रपुर को सप्रेम भेंट के रूप में मोमेंटो प्रदान किया गया। आयोजकों ने कहा कि कंपनी भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।

About The Author