नहाते समय युवती का वीडियो बनाने की कोशिश, आरोपी युवक पर मुकदमा दर्ज

Listen to this article

युवती के शोर मचाने पर भागा आरोपी, स्थानीय लोगों ने पकड़कर की पिटाई

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में एक युवती का नहाते समय कथित तौर पर मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना 28 जून 2026 की रात पटेलनगर क्षेत्र के चन्द्रमणी चोयला (भूत्तोवाला) की है। बताया गया कि युवती अपने घर के बाथरूम में स्नान कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस में किराये पर रहने वाला आदिल नाम का युवक कथित रूप से मोबाइल फोन लेकर बाथरूम के पास पहुंचा और युवती का वीडियो बनाने का प्रयास करने लगा।

पीड़िता की नजर आरोपी पर पड़ते ही उसने जोर-जोर से शोर मचाया। शोर सुनते ही आरोपी वहां से भाग निकला। इसके बाद युवती के परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उसे पकड़ लिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। बताया गया कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े भी फट गए।

घटना के बाद पीड़िता के भाई ने आईएसबीटी पुलिस चौकी में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पटेलनगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 77 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author