अल्मोड़ा: पहले से शादीशुदा निकला प्रेमी, कलेक्ट्रेट में महिला ने किया हंगामा

पेड़ पर चढ़कर दी आत्महत्या की धमकी, पुलिस ने महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा; युवक BNSS की धारा 151 के तहत गिरफ्तार

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिला कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने एसडीएम कोर्ट में पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। महिला ने आत्महत्या करने की धमकी दी, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद महिला को संभाला और उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

प्रेमी के पहली पत्नी के पास लौटने से नाराज थी महिला

जानकारी के अनुसार, महिला का एक बच्चा है, जबकि संबंधित युवक के भी दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों अपने-अपने जीवनसाथी से अलग होकर गुरुग्राम में साथ रह रहे थे। इसी बीच युवक अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र स्थित अपने गांव लौट आया और अपनी पहली पत्नी व बच्चों के साथ रहने लगा। युवक के इस फैसले से नाराज महिला ने मंगलवार सुबह एसएसबी कार्यालय के पास एक पेड़ पर चढ़कर जान देने की चेतावनी दी।

पुलिस ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारा

घटना की सूचना मिलते ही महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने महिला को समझाने का प्रयास किया और उसे सुरक्षित पेड़ से नीचे उतारा। इसके बाद महिला और युवक की काउंसलिंग कराकर विवाद शांत कराने की कोशिश की गई, लेकिन मामला पूरी तरह शांत नहीं हुआ।

एसडीएम कोर्ट में दोबारा किया हंगामा

बताया जा रहा है कि दोपहर में महिला दोबारा कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच गई और एसडीएम कोर्ट में हंगामा करते हुए आत्महत्या की धमकी देने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया। महिला को वाहन तक ले जाने में चार महिला पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया।

युवक को न्यायालय में किया पेश

प्रभारी महिला थाना जानकी भंडारी के अनुसार, महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। वहीं, युवक को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद से जुड़े इस घटनाक्रम के चलते कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

About The Author