अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, 4 की मौत, 2 गंभीर घायल

Listen to this article

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चायखान–बेगानिया मोटर मार्ग पर बलिया गांव के समीप मारुति कार (UK04Z-5819) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
कार में कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटना में राजेंद्र सिंह बेलवाल (40), जगदीश सिंह (35), लछम सिंह (56) और पान सिंह (50), सभी निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
वहीं गोपाल सिंह (45) और सचिन बेलवाल (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
दून वैली टाइम्स दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा ईश्वर से प्रार्थना करता है कि शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता है।

About The Author