उत्तराखंड में अगले 4 दिन झमाझम बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी वर्षा और भूस्खलन की चेतावनी

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 30 जून से 3 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। वहीं प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं।
मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं तथा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
लगातार बारिश की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

About The Author