देहरादून। उत्तराखंड के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में शनिवार को रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर नियमित संचालन की शुरुआत की। यह एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह नई रेल सेवा केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा साबित होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है।
यह ट्रेन रामनगर से देहरादून के बीच काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए चलेगी। इससे यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है। उत्तराखंड को दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है और वर्ष 2026-27 में रेलवे विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट मिला है। वर्तमान में राज्य में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक और तेज़ी से विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि इस नई रेल सेवा में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इसे भविष्य में प्रतिदिन संचालित करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है तथा राज्य को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई और विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं।
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।





