हरिद्वार। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में भगवानपुर तहसील सभागार में विधानसभा क्षेत्र 28-भगवानपुर (अ.जा.) के विधायक एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर बैठक आयोजित की गई।
आयुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, विलोपन और अन्य दावे-आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
बैठक में बताया गया कि हरिद्वार जनपद की सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। यह सूची बीएलओ, तहसील कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। पात्र नागरिक ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकते हैं, जबकि मृत, स्थानांतरित अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संशोधन और विलोपन के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।
जनपद हरिद्वार में वर्तमान में 12,46,219 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 6,64,795 पुरुष, 5,81,323 महिलाएं और 101 अन्य मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ASD (Absent, Shifted, Dead) सूची का भी परीक्षण किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
बैठक में भगवानपुर विधायक ममता राकेश, उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली, तहसीलदार दयाराम सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, एईआरओ, बीएलओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






