देहरादून। देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर उठ रही जनभावनाओं और पर्यावरण संबंधी चिंताओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक सभी हितधारकों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के साथ संतोषजनक सहमति का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक परियोजना के तहत प्रस्तावित पेड़ों की कटाई स्थगित रहेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की महत्वपूर्ण अवसंरचना योजना है, जिस पर उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों का पालन करते हुए कार्यवाही की जा रही है। परियोजना में लगभग 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के लिए विशेष कल्वर्ट का भी प्रावधान किया गया है, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परियोजना से जुड़े सभी पक्षों के साथ पुनः विस्तृत संवाद किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनभावनाओं—तीनों के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ेगी तथा उच्च न्यायालय के निर्देशों का पूर्ण सम्मान किया जाएगा।




