स्वास्थ्य मंत्री आवास के बाहर नर्सिंग अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, दो महिला अभ्यर्थियों ने कथित रूप से फिनाइल पीकर किया विरोध

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड में वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन मंगलवार को उस समय गंभीर मोड़ पर पहुंच गया, जब स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन कर रही नर्सिंग एकता मंच की दो महिला अभ्यर्थियों ने कथित रूप से फिनाइल पीकर विरोध दर्ज कराया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल दोनों महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
उत्तराखंड नर्सिंग एकता मंच लंबे समय से वर्षवार नर्सिंग भर्ती लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी और उनकी मांगों की अनदेखी से हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसी मांग को लेकर वे लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
यह पहला मौका नहीं है जब नर्सिंग अभ्यर्थियों ने इस तरह का विरोध प्रदर्शन किया हो। इससे पहले भी अभ्यर्थी देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर कई घंटों तक प्रदर्शन कर चुके हैं। उस समय शासन स्तर पर उनकी मांगों के समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभ्यर्थियों का आरोप है कि अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। अभ्यर्थियों का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद वर्षवार भर्ती पर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया। इसी से नाराज होकर दो महिला अभ्यर्थियों ने कथित रूप से फिनाइल पी लिया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया तथा दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी मौके पर पहुंचीं और आंदोलनरत अभ्यर्थियों का समर्थन किया। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।
नर्सिंग भर्ती को लेकर चल रहा यह आंदोलन अब संवेदनशील मोड़ पर पहुंच चुका है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग पर सरकार स्पष्ट निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम के बाद सरकार और स्वास्थ्य विभाग की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

— Doon Valley Times

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *