देहरादून। भनियावाला–ऋषिकेश फोरलेन हाईवे परियोजना के लिए प्रस्तावित लगभग 3,000 पेड़ों की कटाई के विरोध में सामाजिक संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों और विभिन्न राजनीतिक दलों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है।
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा, “क्या आपकी संवेदनाएँ मर गई हैं? अपनी ही माँ समान प्रकृति पर कुल्हाड़ी क्यों चला रहे हैं?” उन्होंने सरकार और संबंधित एजेंसियों से पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए परियोजना पर पुनर्विचार करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई से पर्यावरण, वन्यजीवों और क्षेत्र के पारिस्थितिक संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि इस परियोजना को लेकर हाल के दिनों में व्यापक जनचर्चा हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सभी हितधारकों से संवाद के निर्देश देते हुए फिलहाल पेड़ों की कटाई स्थगित रखने की घोषणा की है।
भनियावाला–ऋषिकेश फोरलेन परियोजना के विरोध में प्रदर्शन जारी, पेड़ों की कटाई पर उठे सवाल




