देहरादून। उत्तराखंड में तकनीकी सुधार कार्य पूरा होने के बाद 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन सेवा एक बार फिर 24 घंटे, सातों दिन (24×7) शुरू कर दी गई है। अब प्रदेश के नागरिक स्वास्थ्य संबंधी सलाह, जानकारी, शिकायत और सुझाव के लिए किसी भी समय टोल-फ्री नंबर 104 पर संपर्क कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 104 हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य परामर्श, विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन, शिकायत दर्ज कराने और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सुझाव देने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
विभाग ने बताया कि इस सेवा का उद्देश्य आम जनता को घर बैठे बेहतर स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि समय पर उचित मार्गदर्शन मिल सके और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान हो।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या, जानकारी या शिकायत के लिए 104 हेल्पलाइन का अधिक से अधिक उपयोग करें और इस सुविधा का लाभ उठाएं।




