विकासनगर। विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने बुधवार को आसन कंजर्वेशन पार्क एवं रामपुर मंडी वन विभाग परिसर में नवनिर्मित पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में आने वाले विदेशी प्रवासी पक्षियों का भी अवलोकन किया और वन विभाग की ओर से किए जा रहे संरक्षण कार्यों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं नव प्रशिक्षु भी मौजूद रहे। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और वनों की सुरक्षा के लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आम जनता की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता के बिना वन संरक्षण के प्रयास पूरी तरह सफल नहीं हो सकते।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के साथ-साथ जंगलों में लगने वाली वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। वन विभाग और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही जंगलों, वन्य जीवों और पर्यावरण की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

विधायक ने वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नव प्रशिक्षुओं से आह्वान किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों और आम लोगों के बीच जाकर वन संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम संचालित करें तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह बिट्टू, संतोष रावत, भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष राहुल सहित कई जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।





