कुल्हाल चौकी पुलिस का कमाल: 3 घंटे में चोरी की बाइक बरामद, अंतरराज्यीय गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार

नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे दुपहिया वाहन चोरी, पार्ट्स निकालकर बेचने का खुलासा

विकासनगर। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की वारदात का पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सुपर स्प्लेंडर बाइक संख्या UK16-2645 भी बरामद कर ली। इस कार्रवाई में कुल्हाल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

पुलिस के मुताबिक तिमली निवासी इरशाद पुत्र जहूर हसन ने रिवर व्यू रिजॉर्ट, कुल्हाल से अपनी बाइक चोरी होने की शिकायत पुलिस को दी थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली विकासनगर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। लगातार की गई सुरागरसी के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला और मुखबिर की सूचना पर रिवर व्यू रिजॉर्ट के समीप कच्चे रास्ते से तीन आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इकरार (20 वर्ष) निवासी रामपुर घाट, पुरुवाला, सिरमौर, शेरखान (32 वर्ष) निवासी रामपुर घाट, पुरुवाला, सिरमौर तथा मुकुल राज शर्मा (24 वर्ष) निवासी देवी नगर, पांवटा साहिब, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।

नशे की जरूरत पूरी करने के लिए करते थे चोरी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए दुपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी किए गए वाहनों के अलग-अलग पार्ट्स निकालकर उन्हें बेच दिया जाता था और उससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल नशे की पूर्ति के लिए किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस बाइक UK16-2645 बरामद कर ली है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस टीम

  • उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, चौकी प्रभारी कुल्हाल
  • कांस्टेबल नितिन कुमार
  • होमगार्ड अर्जन सिंह

About The Author