मोहना गांव की रुणी देवी ने लगाया गंभीर आरोप, पुत्र से मारपीट व जान से मारने की धमकी का भी दावा
चकराता। जनजातीय क्षेत्र चकराता के मोहना गांव से जमीन विवाद का गंभीर मामला सामने आया है। गांव निवासी दलित महिला रुणी देवी पत्नी स्वर्गीय केशरू ने आरोप लगाया है कि उनके जीवित रहते कुछ लोगों ने उन्हें राजस्व अभिलेखों में मृत दर्शाकर उनकी पैतृक जमीन अपने नाम करा ली। आरोप है कि इसके बाद उक्त जमीन को अन्य लोगों को भी बेच दिया गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, जमीन को लेकर न्यायालय में मामला चला, जिसमें फैसला रुणी देवी के पक्ष में आने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद अब जमीन पर कब्जे का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पुत्र से मारपीट और धमकी का आरोप
रुणी देवी के परिवार का आरोप है कि जमीन पर कब्जे को लेकर उनके पुत्र के साथ मारपीट की गई तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। परिवार ने जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है। मामले के बाद परिवार में भय का माहौल बताया जा रहा है।
एसडीएम कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार
मामले को लेकर रुणी देवी अपने परिवार के साथ एसडीएम कालसी प्रेमलाल के कार्यालय पहुंचीं और पूरे प्रकरण की शिकायत की। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, एसडीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना चकराता पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। परिवार का कहना है कि पुलिस स्टाफ ने उनकी शिकायत ले ली है।
जमीन पर महिला का कब्जा होने का दावा
पीड़ित पक्ष का कहना है कि विवादित जमीन पर वर्तमान में रुणी देवी का कब्जा है और जमीन पर पुराने सेब के पेड़ भी मौजूद हैं। परिवार का आरोप है कि जीवित महिला को कागजों में मृत दर्शाकर जमीन अपने नाम कराने की प्रक्रिया कैसे हुई, इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
अब देखना होगा कि जीवित महिला को कागजों में मृत दिखाकर जमीन अपने नाम कराने के आरोप, जमीन पर कब्जे के प्रयास, मारपीट, धमकी और जातिसूचक शब्दों के कथित इस्तेमाल के मामले में पुलिस जांच के बाद क्या कार्रवाई करती है।
