राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को जल्द मिलेगी सरकारी नौकरी

कैबिनेट का बड़ा फैसला, उत्तराखंड के 243 खिलाड़ियों को मिलेगा नियुक्ति का अवसर

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता साफ कर दिया है। शुक्रवार को हुई धामी कैबिनेट की बैठक में राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

खेल मंत्री रेखा आर्या के अनुसार कैबिनेट के इस फैसले का शासनादेश जारी होते ही खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सरकार के इस निर्णय से उत्तराखंड के 243 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति का अवसर मिलेगा।

कैबिनेट के फैसले के मुताबिक स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के अनुरूप अलग-अलग श्रेणी के पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। यह नियुक्तियां खेल, युवा कल्याण, शिक्षा, पुलिस, वन और परिवहन समेत विभिन्न विभागों में की जाएंगी।

शिक्षा विभाग में खिलाड़ियों को सहायक अध्यापक (व्यायाम) के पदों पर नियुक्ति दिए जाने का प्रावधान किया गया है। सरकार जल्द ही खिलाड़ियों द्वारा हासिल किए गए पदक और संबंधित पदों के आधार पर ग्रेड-पे निर्धारित कर शासनादेश जारी करेगी।

खिलाड़ियों के लिए रोजगार का बड़ा अवसर

सरकार का मानना है कि इस फैसले से प्रदेश के खिलाड़ियों को खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ सुरक्षित रोजगार का अवसर भी उपलब्ध होगा।

दून वैली टाइम्स
खेल प्रतिभाओं को सम्मान और रोजगार की दिशा में उत्तराखंड सरकार का बड़ा कदम।

About The Author