हर्बटपुर के कृष्णा मार्केट में मची अफरा-तफरी, दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
विकासनगर। कृष्णा मार्केट स्थित BSNL कार्यालय में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और कार्यालय के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों और घने धुएं को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। वहीं चौकी प्रभारी हर्बटपुर मयंक त्यागी भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आसपास की दुकानों व भवनों तक फैलने से रोका।
आग की चपेट में आने से BSNL कार्यालय में भारी नुकसान होने की आशंका है। कार्यालय में रखा सामान और अन्य सामग्री आग में जलकर राख हो गई। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण क्या था और कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका स्पष्ट आकलन जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
घटना के दौरान कृष्णा मार्केट और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। आग की लपटों और धुएं के चलते स्थानीय लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।
