धर्मावाला टोल प्लाजा पर बवाल: हिमाचल के युवकों और युवती पर टोल कर्मी से मारपीट का आरोप

Listen to this article

विकासनगर क्षेत्र के धर्मावाला टोल प्लाजा पर शनिवार देर रात टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से आए पांच युवकों और एक युवती ने नशे की हालत में टोल कर्मी के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार सवार युवकों द्वारा टोल कर्मचारी को दौड़ाकर पीटते हुए देखा जा सकता है।
टोल टैक्स को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार शनिवार रात हिमाचल प्रदेश नंबर की एक टाटा नेक्सॉन कार पांवटा साहिब की ओर से देहरादून में प्रवेश कर रही थी। कार में पांच युवक और एक युवती सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी नशे की हालत में थे। धर्मावाला टोल प्लाजा पहुंचने पर टोल शुल्क को लेकर कार सवारों और टोल कर्मी के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
गाड़ी से उतरकर किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस बढ़ने के बाद कार में बैठे युवक और युवती वाहन से नीचे उतर आए और टोल कर्मी के साथ अभद्रता करने लगे। वायरल वीडियो में एक युवक टोल कर्मचारी को धक्का देकर सड़क पर गिराता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि इसके बाद दूसरे युवक ने हाथ में पहने भारी कड़े से कर्मचारी के सिर पर वार किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 15 मिनट तक टोल प्लाजा पर हंगामा करते रहे और घायल कर्मचारी के साथ मारपीट करते रहे। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
लोगों ने बचाई कर्मचारी की जान
टोल कर्मी को घायल अवस्था में देखकर अन्य कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव के लिए आगे आए। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से भागने की तैयारी करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी गाली-गलौज करते हुए अपनी कार में सवार होकर फरार हो गए।
पुलिस चौकी से चंद कदम दूर हुई घटना
स्थानीय लोगों का कहना है कि धर्मावाला पुलिस चौकी घटना स्थल से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद आरोपी घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद टोल कर्मियों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। एसपी ग्रामीण पंकज गैरोला ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author