त्यूनी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने सोमवार को प्रसिद्ध महासू देवता मंदिर, हनोल पहुंचकर महासू महाराज के दर्शन किए और प्रदेश तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
दर्शन-पूजन के उपरांत विधायक प्रीतम सिंह ने मंदिर अतिथि गृह में ग्राम पंचायत हनोल के निवासियों एवं मंदिर समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में महासू धाम के लिए प्रस्तावित मास्टर प्लान के तहत किए जा रहे विकास कार्यों तथा उससे जुड़ी स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मास्टर प्लान के अंतर्गत विस्थापित एवं पुनर्वासित परिवारों ने अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि पुनर्वास स्थल पर पेयजल और विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे लोगों को दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि पुनर्वास के लिए उपलब्ध कराई गई भूमि की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सरकार द्वारा निर्धारित अनुदान राशि पर्याप्त नहीं है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रीतम सिंह ने पर्यटन विभाग के सचिव धीरज गर्ब्याल से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने सचिव को स्वयं मौके का स्थलीय निरीक्षण करने तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा, जब प्रभावित परिवारों को मूलभूत सुविधाएं और उचित पुनर्वास उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके बाद विधायक ने हनोल मंदिर परिसर में उपस्थित स्थानीय लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ स्थानीय जनता के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में ग्रामीणों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार रखे और महासू धाम के समग्र विकास के लिए स्थानीय सहभागिता को आवश्यक बताया।








